Uttar Pradesh

वक्फ कानून का उद्देश्य गरीब मुसलमानों को सशक्त बनाना : कलराज मिश्रा

आशुतोष तिवारी

सुल्तानपुर, 14 अप्रैल 2025:

सुल्तानपुर में सोमवार को एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने वक्फ कानून को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वक्फ कानून का उद्देश्य गरीब मुसलमानों को सशक्त बनाना है। यह कानून संसद द्वारा पारित किया गया है। भारत की संवैधानिक व्यवस्था में कोई भी राज्य इसे लागू करने से इनकार नहीं कर सकता।

उन्होंने ने कहा कि अगर कोई राज्य इसे लागू करने से मना करता है तो वह संविधान का उल्लंघन करता है। वक्फ गरीबों की संपत्ति है। यह कानून संसद में सभी दलों के सांसदों द्वारा व्यापक चर्चा के बाद बनाया गया है। इसमें मस्जिद या जमीन हड़पने की कोई बात नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि यह कानून वक्फ संपत्तियों के पारदर्शी प्रबंधन और गरीब मुस्लिम समुदाय के हितों की रक्षा के लिए बनाया गया है। खासकर गरीब और विधवा मुस्लिम महिलाओं को इससे सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे इस कानून का समर्थन करें।

ये भी पढ़ें:

राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया

राणा सांगा से जुड़े एक सवाल पर कलराज मिश्रा ने कहा कि राणा सांगा मातृभूमि के सच्चे रक्षक थे। उनका गौरवशाली इतिहास देश के लिए प्रेरणा है। मिश्रा ने कहा, “राणा सांगा के बारे में की गई टिप्पणी सर्वथा गलत और देश के सम्मान के विरुद्ध है। उनके शरीर पर अस्सी घाव थे फिर भी उनके मन में कोई पीड़ा नहीं थी। ऐसे महापुरुष के प्रति अशोभनीय टिप्पणी निंदनीय है।”

हालांकि, उन्होंने करणी सेना के विरोध के तरीके पर भी टिप्पणी की। कहा कि विरोध करना ठीक है, लेकिन हिंसा का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, डॉ. एमपी सिंह, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडेय, प्रवीण कुमार अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें  यूपी उपचुनाव : मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में मतदान से रोकने का आरोप

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link