Ayodhya

सरयू में साथियों के साथ स्नान करने गए तीन किशोर डूबे… एसडीआरएफ तलाश में जुटी

रौनाही थाना क्षेत्र स्थित सरयू घाट पर स्नान के दौरान हुई घटना, एसडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे, तीनों तहसीनपुर गांव के रहने वाले

अनिल निषाद

अयोध्या, 17 मई 2026:

यूपी के अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित सरयू घाट पर शनिवार को साथियों के साथ स्नान के दौरान तीन किशोर डूब गए। इससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। रविवार को भी उनकी तलाश की जा रही है।

रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर गांव निवासी 14 वर्षीय सत्यम पांडे, 5 वर्षीय मानस पांडे और 17 वर्षीय अमित पांडे अपने साथी ध्रुव पाण्डेय व अंश पाण्डेय के साथ सरयू में स्नान करने गए थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ की टीम व स्थानीय गोताखोर नदी में तीनों की तलाश शुरू की। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं लगा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, ध्रुव पाण्डेय व अंश पाण्डेय नदी से सुरक्षित बाहर निकल आए थे। दोनों किशोरों ने बताया कि उनके तीन साथी गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उन्होंने कहा कि स्थानीय गोताखोरों, नाविकों व एसडीआरएफ की मदद से तीनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button