
अनिल निषाद
अयोध्या, 12 अगस्त 2026ः
यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को अयोध्या के डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह में पहुंचीं। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में एक लाख 66 हजार 55 छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, गोल्ड मेडल में बेटियों ने फिर बाजी मारी। इस अवसर पर डिग्रियों और मार्कशीट को डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा युवा शक्ति नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है। उन्होंने छात्रों से शिक्षा को केवल नौकरी तक सीमित न रखते हुए शोध, नवाचार, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया। समारोह के दौरान 120 स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 86 छात्राओं और 34 छात्रों ने बाजी मारी। राज्यपाल ने छात्राओं की इस उपलब्धि को बदलते भारत की तस्वीर बताया।
समारोह में दो नई परंपराओं की शुरुआत हुई। स्वर्ण पदक विजेताओं के माता-पिता व अभिभावकों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। वहीं, पदक विजेताओं का संपूर्ण परीक्षा परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। हालांकि, इस बार सरस्वती प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलन की परंपरा नहीं निभाई गई। कला एवं शिल्प के क्षेत्र में योगदान के लिए भग्गालाल कुमार को विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि प्रदान की गई। चार शिक्षकों को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।






