
न्यूज डेस्क, 18 अगस्त 2026:
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज करते हुए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति कर दी है। भाजपा ने मंगलवार को विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सतीश पुनिया को पंजाब और तरुण चुग को गुजरात का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
खास बात यह है कि विनोद तावड़े पिछले करीब दो वर्षों से यूपी में प्रभारी की भूमिका संभाल रहे थे लेकिन आधिकारिक तौर पर उन्हें मंगलवार को प्रदेश प्रभारी घोषित किया गया। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद राधा मोहन सिंह को यूपी प्रभारी पद से हटाए जाने के बाद यह जिम्मेदारी लंबे समय से औपचारिक रूप से खाली थी। अब तावड़े की नियुक्ति से संगठन में तस्वीर साफ हो गई है।
तावड़े को यूपी की जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है जब पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारी के साथ चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर उनका फोकस रहेगा।
इससे एक दिन पहले सोमवार को भाजपा ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान किया था। इसमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

नई सूची में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। अलग-अलग राज्यों के नेताओं को टीम में जगह देकर भाजपा ने क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संतुलन साधने की कोशिश भी की है।






