Lucknow City

UP को 7,145 करोड़ की हाईवे सौगात : कानपुर से कबरई सिर्फ 90 मिनट, बुंदेलखंड के विकास को मिलेगी रफ्तार

पीएम मोदी की अध्यक्षता में सीसीईए ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को दी मंजूरी, सीएम योगी ने जताया आभार, निवेश, उद्योग और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

लखनऊ, 2 जुलाई 2026:

यूपी को सड़क संपर्क, औद्योगिक विकास और निवेश के मोर्चे पर बड़ी सौगात मिली है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने 7,145 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कानपुर-कबरई एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रदेश के विकास के लिए अहम कदम माना जा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले पर पीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय विकसित यूपी के संकल्प को नई शक्ति देगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और कानपुर रिंग रोड को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे आवागमन आसान होगा। इसके साथ निवेश को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को मजबूत आधार मिलेगा।

नेशनल हाईवे-34 के तहत बनने वाला यह 117.7 किलोमीटर लंबा चार लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे भविष्य में छह लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। इसके निर्माण के बाद कानपुर से कबरई तक वर्तमान में करीब साढ़े तीन घंटे का सफर घटकर लगभग डेढ़ घंटे रह जाएगा। इससे कानपुर, कबरई, सागर, भोपाल और मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के बीच तेज, सुरक्षित और निर्बाध संपर्क स्थापित होगा।

यह परियोजना यूपी के औद्योगिक क्षेत्रों को मध्य प्रदेश के खनिज, कृषि और विनिर्माण क्षेत्रों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे व्यापार, उद्योग और माल परिवहन को नई गति मिलने के साथ निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। निर्माण कार्य के दौरान करीब 1.2 करोड़ मानव-दिवस प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह परियोजना बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देने वाली साबित हो सकती है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button