लखनऊ, 13 मार्च 2026:
यूपी पुलिस में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 75 जिलों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 15,75,760 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो दिनों तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपरान्ह 3 बजे से सायं 5 बजे तक होगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सीधी भर्ती-2025 के तहत 4543 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है। कुल आवेदकों में 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के चयन में सरकारी माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय डिग्री कॉलेजों, राज्य और केंद्र सरकार के विद्यालयों व विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों को शामिल किया गया है। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें उनके ही मंडल के जनपद में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई है। इम्पर्सोनेशन यानी प्रतिरूपण को रोकने के लिए विशेष नियंत्रण व्यवस्था लागू की गई है। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। इसके लिए त्रिस्तरीय कंट्रोल और कमांड सेंटर की व्यवस्था बनाई गई है। इसमें परीक्षा केंद्र स्तर, जिला स्तर और भर्ती बोर्ड स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी।
एसटीएफ की टीम भी रखेगी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के साथ-साथ एसटीएफ की टीम भी परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगी। यदि कोई अभ्यर्थी या अन्य व्यक्ति अनुचित साधनों का प्रयोग करते या परीक्षा में गड़बड़ी करते पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को दलालों और नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले रैकेट से सावधान रहने की भी सलाह दी है। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या फर्जी दावों के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक प्रक्रिया पर भरोसा रखें।
परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद हो जाएंगे गेट
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र जैसे ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट लाना अनिवार्य होगा। साथ ही काले या नीले रंग का बॉल प्वाइंट पेन साथ रखना होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आवेदन में आधार नंबर का सत्यापन नहीं हुआ तो ढाई घंटे पहले पहुंचे
इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में आधार नंबर का सत्यापन नहीं हो पाया है या मिसमैच की स्थिति है उन्हें परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर रिपोर्ट करने को कहा गया है जिससे उनका सत्यापन समय पर किया जा सके।
परीक्षा केंद्रों पर ये सामान न ले जाएं अभ्यर्थी
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, घड़ी, ज्वैलरी, पर्स, हैंडबैग, काला चश्मा, खाने का सामान समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या संदिग्ध सामग्री लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ऐसी सामग्री पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






