Uttar Pradesh

यूपी : आग उगल रहा आसमान…दिन भट्ठी बना, रात पसीने से तर, बांदा देश में सबसे ज्यादा धधक रहा

भीषण लू ने पूरे प्रदेश की रफ्तार थामी, बांदा में पारा 48 डिग्री तक पहुंचा, जबकि प्रयागराज, हमीरपुर और झांसी भी 46 डिग्री के पार रहे। मौसम विभाग ने 23 जिलों में रेड अलर्ट जारी कर अगले एक हफ्ते तक राहत के आसार कम बताए

लखनऊ, 21 मई 2026:

उत्तर प्रदेश इस वक्त भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी सबसे ज्यादा तप रहे हैं। बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां बुधवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर में तेज धूप और झुलसा देने वाली हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। सड़कों पर सन्नाटा नजर आया।

प्रदेश के दूसरे जिलों में भी हालात बेहद खराब रहे। प्रयागराज में 46.4 डिग्री, हमीरपुर में 46.2 डिग्री, झांसी में 45.9 डिग्री और आगरा में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कई जिलों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।

WhatsApp Image 2026-05-21 at 11.53.46 AM

मौसम विभाग पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक लू और भीषण गर्मी का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने, सिर ढककर चलने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी है। प्रदेश के 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं।

उत्तर और मध्य भारत के दूसरे हिस्सों में भी गर्मी का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 46.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि पिलानी, बीकानेर और फलोदी भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में धूलभरी हवाओं के रूप में देखने को मिल सकता है। हालांकि फिलहाल गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button