
लखनऊ, 29 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के दूसरे शहरों और जिलों में बाइक और स्कूटर से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। अगर दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले शख्स यानी पिलियन राइडर ने हेलमेट नहीं लगाया तो अब वाहन स्वामी के लिए परेशानी बढ़ सकती है। ई-चालान की नई व्यवस्था में पिलियन राइडर के हेलमेट न लगाने पर भी ऑनलाइन चालान का विकल्प शामिल किया जा रहा है।
दरअसल, दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना काफी पहले से अनिवार्य है। इसका उद्देश्य सड़क हादसों में चालक के साथ-साथ पीछे बैठी सवारी की जान की सुरक्षा करना है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक इस नियम का पालन नहीं करते हैं।
अब यातायात विभाग चालान प्रणाली को अपडेट कर रहा है। नए सिस्टम में पिलियन राइडर के हेलमेट नहीं लगाने पर भी चालान की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत निर्धारित राशि का भुगतान वाहन स्वामी को करना पड़ सकता है। अधिकारियों के मुताबिक सिस्टम अपडेट होने के बाद चालान ई-चालान एप और आईटीएमएस कैमरों के जरिए किया जा सकेगा। फोटो के आधार पर भी कार्रवाई की जा सकेगी।
एक सप्ताह से बंद है ई-चालान व्यवस्था
वाहनों के चालान सिस्टम को अपडेट करने के लिए 21 सितंबर की रात से ई-चालान व्यवस्था बंद है। बताया गया है कि पुराने डाटा को नए सिस्टम में ट्रांसफर करने का काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रक्रिया पूरी होने में अभी थोड़ा और समय लग सकता है। इसके बाद ई-चालान व्यवस्था फिर शुरू होगी।

यानी ई-चालान सिस्टम दोबारा सक्रिय होने के बाद दोपहिया वाहन चालकों को केवल अपना हेलमेट पहनना ही पर्याप्त नहीं होगा अपितु पीछे बैठी सवारी के हेलमेट पर भी ध्यान देना होगा। ट्रैफिक नियमों के मुताबिक बाइक या स्कूटर पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट जरूरी है। कुछ राज्यों में इस नियम के उल्लंघन पर कार्रवाई और सख्त की जा चुकी है।
ऐसे में यूपी में नई ई-चालान व्यवस्था लागू होने के बाद पिलियन राइडर का हेलमेट भी ट्रैफिक नियमों की निगरानी के दायरे में रहेगा। इसलिए बाइक या स्कूटर लेकर निकलने से पहले चालक खुद हेलमेट पहने और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट जरूर पहनाएं।






