National

भारत पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात

नई दिल्ली | 21 अप्रैल 2025:
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस रविवार को अपने परिवार और उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चार दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे। दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा वेंस और बच्चे भी भारत आए हैं। उनकी बेटी पारंपरिक लहंगे में नजर आई, जबकि बेटों ने कुर्ता-पायजामा पहना।

यह वेंस की पहली आधिकारिक भारत यात्रा है, जो 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलेगी। उनके स्वागत में पालम एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। रविवार शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आधिकारिक आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर वेंस से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में दुनिया भर में टैरिफ वॉर (शुल्क युद्ध) चल रहा है, जिससे भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों पर भी असर पड़ा है।

उम्मीद जताई जा रही है कि इस मुलाकात में दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने, सुरक्षा सहयोग, तकनीकी साझेदारी, और रूस-यूक्रेन युद्ध के प्रभावों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही, अमेरिका से भारतीयों की जबरन वापसी के मुद्दे पर भी बातचीत संभव है।

बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर मौजूद रहेंगे। वहीं अमेरिका से पेंटागन और स्टेट डिपार्टमेंट के प्रतिनिधियों समेत पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी साथ आया है।

दिल्ली आगमन के कुछ घंटों बाद, वेंस परिवार स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा और भारतीय दस्तकारी से जुड़े एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी दौरा किया।

अपनी यात्रा के अगले चरण में वेंस 22 अप्रैल को जयपुर और 23 अप्रैल को आगरा जाएंगे, जहां वे ताजमहल का दीदार करेंगे। 24 अप्रैल को सुबह 6:40 बजे वे जयपुर से अमेरिका के लिए रवाना होंगे।

ये भी पढ़ें  गोमतीनगर: दोस्त की बेटी की शादी में लगी गोली... एलडीए के ड्राइवर की मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link