सेवा संकल्प अभियान : बीजेपी महिला मोर्चा का पात्रों से संवाद, बोलीं- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी
प्रदेश के 20 हजार केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन, तीन लाख से ज्यादा पात्रों तक पहुंची सेवा, मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हमेशा हो जन संवाद

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 9 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड में बीजेपी महिला मोर्चा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के 20,070 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए। महिला मोर्चा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ ही पात्रों से संवाद स्थापित किया। साथ ही महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों, नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा, सहयोग और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश भर में 1,59,003 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया और 3,02,693 पात्रों तक पहुंच बनाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में 1,52,834 कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए सेवा केवल आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवारों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के समर्पण को सम्मान देना और उनके अनुभवों को समझना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सहयोग और विश्वास को मजबूत करते हैं। महिला मोर्चा का प्रयास है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निरंतर जन संवाद हो और समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक बदलाव की प्रक्रिया से जोड़ा जाए। उन्होंने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए गांव से लेकर प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।






