उत्तराखंड में विकास व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी रफ्तार, धामी ने 218 करोड़ रुपये किए मंजूर
सीएम ने प्रदेश में सड़क निर्माण, मंदिरों के सुंदरीकरण, पर्यटन सुविधाओं और बाढ़ से बचाव के कामों के लिए भी धरराशि स्वीकृति की, 21 अशासकीय महाविद्यालयों के कर्मचारियों के वेतन आदि के भुगतान के लिए 77.69 करोड़ रुपये मिले

देहरादून, 14 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 218 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृति दी। इसके साथ ही सड़क निर्माण, मंदिरों के सुंदरीकरण, पर्यटन सुविधाओं और बाढ़ से बचाव से जुड़े कामों के लिए भी धनराशि मंजूर की गई। सीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 13.48 करोड़ रुपये राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत करने की अनुमति दी। यह धनराशि केंद्र सरकार की इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटिनेंस व प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फास्ट्रक्चर मिशन योजना के तहत राज्य के अंश के रूप में दी गई है।
सीएम ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए 77.69 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने की अनुमति प्रदान की। पिथौरागढ़ के धारचूला की ग्राम सभा दर में सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए 93.08 लाख, उधमसिंहनगर के खटीमा के शिव मंदिर अंजनिया में सौन्दर्यीकरण, सुरक्षा एवं चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख, पिथौरागढ़ में भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर एवं खूनी गांव तक सड़क निर्माण (प्रथम चरण) के लिए 92.32 लाख, बागेश्वर के कपकोट के तहत बागेश्वर पिण्डारी ग्लेशियर ट्रैक रूट में पर्यटक आवास गृह फुरकिया की मरम्मत व सुधारीकरण कार्य के लिए 4.44 करोड़ की स्वीकृति दी।
पौडी गढ़वाल के द्वाराखाल/एकेश्वर विकासखंड के तहत सतपुली बैराज के निर्माण के लिए पुनरीक्षित लागत में सम्मिलित स्लोप प्रोटेक्शन के कार्यों के लिए 4.89 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने की अनुमति प्रदान की गई। धामी ने राज्य सेक्टर-फ्लड प्लेन जोनिंग के कार्य के तहत कन्सलटेंसी वर्क फॉर फ्लड प्लेन जोनिंग इन रिवर शारदा (काली) योजना के लिए 47.31 लाख रुपये के अनुमोदन के साथ ही केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि योजना के तहत स्वीकृत कुल 9 कार्यों के लिए 288.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए पहली किश्त में 115.36 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत प्रदान की।






