लखनऊ, 11 अप्रैल 2026:
शादी के सीजन के बीच गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन घरों में शादी समारोह होने वाले हैं उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि एक परिवार को अधिकतम आठ कॉमर्शियल सिलेंडर ही दिए जाएंगे।
शादी समारोह के लिए गैस सिलेंडर चाहने वाले लोग आवेदन लेकर एडीएम (आपूर्ति) और जिलापूर्ति अधिकारी के कार्यालयों में पहुंच रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार दो दिनों में करीब 250 परिवारों ने गैस सिलेंडर के लिए आवेदन किया है। इनमें लगभग 100 आवेदन एडीएम कार्यालय और 150 आवेदन डीएसओ कार्यालय में प्राप्त हुए हैं।
प्रशासन ने व्यवस्था बनाई है कि जिन परिवारों में विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित हैं वे शादी का कार्ड और आवेदन पत्र के साथ अपनी जरूरत के अनुसार सिलेंडर की मांग कर सकते हैं। एडीएम ज्योति गौतम ने भरोसा दिलाया कि शादी समारोह में भोजन व्यवस्था को लेकर किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
हालांकि अभी न्यूनतम सीमा तय नहीं की गई है लेकिन जांच के बाद ही वास्तविक जरूरत के आधार पर सिलेंडर आवंटित किए जाएंगे। अधिकतम आठ कॉमर्शियल सिलेंडर देने की योजना लागू की गई है। सिलेंडर किस गैस एजेंसी से मिलेगा, इसकी जानकारी आवेदक को उसके मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।
जिन लोगों के पास पहले से कॉमर्शियल सिलेंडर हैं वे खाली सिलेंडर देकर भरा सिलेंडर ले सकेंगे। वहीं जिनके पास सिलेंडर नहीं है उन्हें धरोहर राशि जमा कर नई व्यवस्था के तहत सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
उधर एलपीजी वितरक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज ने दावा किया है कि अब गैस आपूर्ति व्यवस्था पहले से बेहतर हो गई है। उनके अनुसार बुकिंग के पांच दिन के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी शुरू हो गई है जिससे एजेंसियों पर भीड़ कम हो गई है।
उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के ग्राहकों को महज 2-3 दिन में सिलेंडर मिल रहा है जबकि इंडेन और भारत गैस के उपभोक्ताओं को 4-5 दिन के भीतर डिलीवरी दी जा रही है। फिलहाल वितरकों के पास बैकलॉग भी काफी कम हो गया है जिससे सप्लाई सुचारु बनी हुई है।






