Uttar Pradesh

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को अतीक जैसे अंजाम की धमकी…वाराणसी में FIR दर्ज

सोशल मीडिया और कॉल के जरिए मिली थी धमकी, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज की, सुरक्षा बढ़ाई गई

विकास गोंड

वाराणसी, 11 अप्रैल 2026

वाराणसी के ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में भेलूपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर विद्यामठ, केदारघाट स्थित आश्रम के सहायक परमात्मानंद ब्रह्मचारी की ओर से दर्ज कराई गई है। शिकायत के मुताबिक 1 अप्रैल को सुबह करीब 10:25 से 10:35 बजे के बीच ज्योतिर्मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से लगातार आपत्तिजनक और धमकी भरे मैसेज भेजे गए। बाद में नंबर ब्लॉक करने पर 6 अप्रैल को आरोपी ने वॉइस मेल के जरिए दो ऑडियो संदेश भेजे।

ये भी पढ़ें:

तहरीर में कहा गया है कि आरोपी ने संदेशों में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए शंकराचार्य को अतीक अहमद की तरह हत्या करने और प्रस्तावित यात्रा के दौरान खत्म करने की धमकी दी। जब एक अनुयायी ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने धमकी देने की बात स्वीकार की और खुद को कानून से ऊपर बताते हुए और भी आपत्तिजनक बातें कहीं।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि शंकराचार्य इन दिनों देशभर में गौ माता राष्ट्रमाता अभियान और गौ रक्षा आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। इसी क्रम में 3 मई से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में उनकी गविष्ठी यात्रा प्रस्तावित है, जिसे लेकर यह धमकी और गंभीर मानी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

मामले के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। शंकराचार्य के आश्रम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस निगरानी भी तेज कर दी गई है। इस घटना पर संत समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  शक में ली प्रेमिका की जान...बिहार भागने से पहले मुठभेड़ में दबोचा आरोपी, पैर में लगी गोली

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link