Lucknow City

योगी की ‘पाती’ में युवाओं के नाम बड़ा संदेश : तिरंगे के शौर्य, शांति और समृद्धि को जीवन में उतारें

पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महाअभियान की पूर्णाहुति पर सीएम योगी ने लिखा खुला पत्र, बोले- आत्मनिर्माण से ही होगा राष्ट्रनिर्माण, युवा शक्ति यूपी की सबसे बड़ी पूंजी

लखनऊ, 17 अगस्त 2026:

‘हर घर तिरंगा’ महाअभियान के तहत यूपी में पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महायज्ञ की पूर्णाहुति के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम खुला पत्र लिखा है। ‘योगी की पाती’ के नाम से लिखी इस चिट्ठी में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों के उत्साह और उमंग से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बना है। उन्होंने कहा कि जब संकल्प का कोई विकल्प नहीं रह जाता, तभी असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी हासिल होते हैं। स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के संकल्पों की याद दिलाता है जिन्होंने देश के लिए हंसते-हंसते अपना जीवन न्योछावर कर दिया।

योगी ने बाबू बंधू सिंह, खुदीराम बोस, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और पं. राम प्रसाद बिस्मिल जैसे युवा क्रांतिकारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का स्वर्णिम दौर है। यही वह समय है जब व्यक्तित्व का निर्माण होता है और यह तय होता है कि युवा अपनी ऊर्जा केवल अपने भविष्य के लिए लगाएंगे या समाज और राष्ट्र को भी नई दिशा देंगे।

ये भी पढ़ें:

मुख्यमंत्री ने आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि उम्र छोटी हो सकती है लेकिन संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि 26 वर्ष की उम्र में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद से राष्ट्रसेवा और जनसेवा के आदर्श उनके लिए सर्वोपरि रहे हैं।

yogi-ki-paati-yuvaon-ke-naam-bada-sandesh1

योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने, नियमित योग-व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने और जाति-पाति से ऊपर उठकर एकता व सामाजिक समरसता का मार्ग अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि शौर्य, शांति और समृद्धि के मूल्यों का प्रतीक है। इन मूल्यों को जीवन में उतारकर युवा ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महती दायित्व युवाओं के कंधों पर है।

ये भी पढ़ें  AI से संवरेंगे UP के युवा, 1 लाख को मिलेगी रोजगारपरक स्किल ट्रैनिंग, होगा प्लेसमेंट

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button