न्यूज डेस्क, 16 जून 2026:
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जयपुर में प्रदर्शन के दौरान अपने ऊपर हुए हमले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को नागपुर पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि यह हमला आंदोलन को दबाने और कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश का हिस्सा था।
दीपके ने कहा कि उनका अभियान नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, युवाओं के भविष्य और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से आंदोलन को कमजोर करने के लिए इस तरह की घटनाएं कराई जा रही हैं। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि इससे आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
सीजेपी संस्थापक ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होनी चाहिए और इस मुद्दे को लेकर देशभर में चलाया जा रहा अभियान आने वाले दिनों में और व्यापक होगा।
गौरतलब है कि हाल ही में जयपुर में आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने अभिजीत दीपके पर हमला कर दिया था। घटना के बाद उन्होंने देशभर में विरोध कार्यक्रम जारी रखने की बात कही थी। उधर, दीपके के नागपुर दौरे और उनके कार्यक्रमों को देखते हुए आरएसएस मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।






