Ayodhya

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस आक्रामक… CBI जांच व केस दर्ज करने की मांग रखी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में पारदर्शिता जरूरी, सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच समिति गठन और दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग, जिला इकाई ने सिटी मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन तो यूथ कांग्रेस ने थाने में तहरीर दी

अनिल निषाद

अयोध्या, 16 जून 2026:

राम मंदिर के चढ़ावे में घपले को लेकर कांग्रेस ने जांच की मांग का अपना अभियान तेज कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी, महानगर कांग्रेस कमेटी और यूथ कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की मांग उठाई है। इन मांगों को लेकर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन व थाने में तहरीर दी गई।

जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की शंका को दूर करने के लिए स्वतंत्र और विश्वसनीय जांच जरूरी है। वहीं महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि करोड़ों रामभक्तों के विश्वास से जुड़ा है। ऐसे में सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी को लेकर लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देने के लिए उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।

Ram Mandir Dispute Congress Calls for CBI Probe (1)

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में मांग की कि मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त अथवा नामित न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति से कराई जाए। समिति में अयोध्या के सम्मानित नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों, विपक्षी नेताओं और स्वतंत्र वित्तीय व लेखा विशेषज्ञों को शामिल किया जाए। साथ ही तय समय सीमा में जांच पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने के निर्देश दिए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर मामले की जांच सीबीआई से कराने की भी मांग की गई।

उधर, यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने थाना राम जन्मभूमि में तहरीर देकर मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण आम लोगों के सहयोग से हुआ है और श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान उनकी आस्था का प्रतीक है। ऐसे में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ खिलवाड़ है। शरद शुक्ला ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच के दायरे में आने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रवक्ता शीतला पाठक, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, जिला महासचिव बृजेश रावत, जिला सचिव पंकज सिंह, डॉ. विनोद, कैफियत अंसारी, प्रवीण श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, विशाल दुबे, शिवकुमार यादव समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button