Business

शेयर बाजार में रौनक बरकरार… 77 हजार के पार पहुंचा सेंसेक्स, IT शेयरों ने दिखाई ताकत

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 271 अंक चढ़कर 77,080 पर खुला, निफ्टी 24,000 के ऊपर पहुंचा, टेक कंपनियों के शेयरों में खरीदारी दिखी, जबकि निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रम और जियो के संभावित आईपीओ पर टिकी रही

बिजनेस डेस्क, 17 जून 2026:

सप्ताह के मध्य कारोबारी दिन शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। बुधवार सुबह बीएसई सेंसेक्स 271 अंकों की बढ़त के साथ 77,080 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 55 अंक चढ़कर 24,044 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार को सहारा मिला।

बाजार खुलते ही टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, ट्रेंट और इंडिगो जैसे शेयरों में तेजी दर्ज की गई। निवेशकों का रुझान खासतौर पर तकनीकी कंपनियों की तरफ दिखाई दिया।

मंगलवार को भी घरेलू बाजार ने मजबूत प्रदर्शन किया था। सेंसेक्स 544 अंक उछलकर 76,808 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 135 अंक चढ़कर 23,989 के स्तर पर पहुंच गया था। इसी तेजी का असर बुधवार की ओपनिंग में भी नजर आया।

वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच निवेशक अमेरिका-ईरान शांति समझौते से जुड़े घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। एशियाई बाजारों में कमजोरी दिखी, जबकि वॉल स्ट्रीट में कारोबार मिला-जुला रहा। गिफ्ट निफ्टी के शुरुआती संकेत भी भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक रहे। सुबह के कारोबार में यह 24,000 के स्तर के आसपास बना रहा, जिससे घरेलू बाजार में मजबूत शुरुआत की उम्मीद बनी।

कमोडिटी बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 79.35 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी डब्ल्यूटीआई 76.44 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। वहीं सोने और चांदी की कीमतों में भी तेजी रही।

बाजार विशेषज्ञों ने इंट्राडे कारोबार के लिए टीटागढ़ रेल सिस्टम्स, चंबल फर्टिलाइजर्स, एसबीआई कार्ड्स, एचसीएल टेक, ओएनजीसी, एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस, एनटीपीसी और कॉनकॉर्ड एनवायरो सिस्टम्स जैसे शेयरों पर नजर रखने की सलाह दी है। इस बीच निवेशकों की नजर रिलायंस जियो के संभावित आईपीओ पर भी टिकी हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जल्द ही करीब 38 हजार करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए ड्राफ्ट दस्तावेज दाखिल कर सकती है, जिसे इस साल के सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गमों में गिना जा रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button