लखनऊ, 17 जून 2026:
उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया। परिणाम जारी होने के साथ ही प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री रजनी तिवारी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रदेश के टॉपर्स से संवाद कर उन्हें बधाई दी। उनकी भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
परिणाम घोषणा के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अभ्यर्थियों ने अपने भविष्य की दिशा तय की है। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और गुरुओं के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि गुरु देवो भव, मातृ देवो भव, पितृ देवो भव की भावना को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन ही सच्ची देशभक्ति है।

मंत्री ने झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग से परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और नकलविहीन बनाया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में विश्वविद्यालयों ने परीक्षा प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार किए हैं।
राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका ज्ञान, अनुभव और समर्पण उन्हें नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और पूरी टीम को बधाई दीः प्रदेश सरकार ने इस वर्ष संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी थी। 31 मई को प्रदेश के 72 जिलों में बनाए गए 1011 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई।
परीक्षा में 4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जबकि दोनों पालियों में लगभग 90 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। कासगंज और पीलीभीत में सर्वाधिक 95 प्रतिशत तथा गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में न्यूनतम 84 प्रतिशत उपस्थिति रही। परीक्षा की निगरानी के लिए हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। 22 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 5651 बायोमेट्रिक मशीनें, फेस रिकॉग्निशन तकनीक, फिंगरप्रिंट सत्यापन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली का उपयोग किया गया।
परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए गए चार अभ्यर्थियों का परिणाम निरस्त कर दिया गया। कुल 4,00,107 अभ्यर्थियों को रैंक जारी की गई। विज्ञान वर्ग की अलीगढ़ निवासी वंदना सिंह ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। अलीगढ़ के ही नितिन पचौरी दूसरे तथा जौनपुर की मिश्रा खुशी अजय तीसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष-10 में 6 महिला और 4 पुरुष अभ्यर्थियों ने जगह बनाई।






