लखनऊ, 17 जून 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, नीट यूजी प्रवेश परीक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मोहर्रम के दौरान शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट कहा कि यह मातम का अवसर है। शक्ति प्रदर्शन का नहीं। किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपरा की शुरुआत तथा कानफोड़ू डीजे, ढोल और ताशों के अनियंत्रित उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी डीएम और एसपी को निर्देश दिए कि वे पहले से ही संबंधित समुदायों के साथ संवाद स्थापित करें। यह सुनिश्चित करें कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूसों में हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। सुरक्षा की दृष्टि से 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने दोहराया कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान किया जाए लेकिन किसी भी नई परंपरा को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में 21 जून को दोबारा आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित इस परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की। साथ ही जिन अभ्यर्थियों को दूसरे जनपदों में परीक्षा देने जाना होगा और जिनके पास ठहरने की व्यवस्था नहीं होगी, उनके लिए आवश्यक अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। इस वर्ष ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के साथ योग दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों और पुलिस लाइनों में सामूहिक योगाभ्यास को प्राथमिकता देने के साथ 14 हजार नगरीय वार्डों में कार्यक्रम स्थलों का चिन्हांकन करने को कहा। उन्होंने 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन और आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन जिलों में शिकायतों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं है उन्हें तत्काल सुधार करना होगा, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके साथ ही जिन जनपदों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तैनाती नहीं है वहां तीन दिनों के भीतर नियुक्ति सुनिश्चित करने और फील्ड पोस्टिंग केवल मेरिट के आधार पर करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, डीएम, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।






