स्पोर्ट्स डेस्क, 18 जून 2026:
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों के तूफानी प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रनों से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के शानदार शतकों ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन बनाए, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल महज 4 रन बनाकर दूसरे ओवर में सलीम सफी का शिकार बने। इसके बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। रोहित अर्धशतक से सिर्फ दो रन दूर रह गए और 39 गेंदों में 48 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इसके बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगान गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की शानदार साझेदारी कर भारत को विशाल स्कोर की ओर पहुंचाया। ईशान किशन ने सिर्फ 79 गेंदों में 14 चौकों और सात छक्कों की मदद से 125 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 22 चौके और दो छक्कों के साथ 154 रनों की कप्तानी पारी खेली। भारत ने वनडे क्रिकेट में आठवीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार किया। अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटी ने चार और राशिद खान ने तीन विकेट लिए।

403 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ने शुरुआत तो संभलकर की। रहमानुल्लाह गुरबाज (41) और इब्राहिम जादरान (21) ने पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटककर विपक्षी टीम को मैच से बाहर कर दिया।
रहमत शाह ने एक छोर संभालते हुए 89 गेंदों में 79 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला। सेदिकुल्लाह अटल ने 42 रन बनाए, जबकि कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी सिर्फ 4 रन ही जोड़ सके। दरविश रसूली 6 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए।

भारत की ओर से गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह ने तीन-तीन विकेट झटके। डेब्यू मैच खेल रहे प्रिंस यादव ने दो महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया। इस दमदार जीत के साथ भारत ने सीरीज अपने नाम कर ली है। अब उसकी नजर अंतिम मुकाबले में क्लीन स्वीप पर रहेगी।






