Government policiesUttarakhand

श्रीनगर को ‘सोलर सिटी’ बनाने की तैयारी… कैबिनेट मंत्री बोले- विभाग प्रस्ताव भेजे

डा. धन सिंह रावत ने विद्युत समस्याओं को लेकर की समीक्षा बैठक, पहले चरण में सरकारी भवनों, विद्यालयों और अस्पतालों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, बिजली लाइनें होंगी अंडरग्राउंड

राजकिशोर तिवारी

पौड़ी गढ़वाल, 20 जून 2026ः

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर शहर को हाईटेक बनाने के साथ ही सजाने-संवारने की तैयारी की जा रही है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शहर को ‘सोलर सिटी’ बनाने और सभी विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की बात कही। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने श्रीनगर शहर में विद्युत समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि बिजली की लाइनों के भूमिगत होने से शहर का सौंदर्यीकरण बढ़ेगा और लोगों को बिजली के खंभों पर झूलते तारों से राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा।

ये भी पढ़ें:

बैठक में श्रीनगर को सोलर सिटी बनाने की योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि पहले चरण में सरकारी भवनों, विद्यालयों और अस्पतालों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे बिजली की बचत के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के उफरैंखाल में नया विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के बड़े हिस्से को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलने, आवश्यकता के अनुसार पोलों की शिफ्टिंग करने, पुराने व अनुपयोगी ट्रांसफार्मरों की जगह नए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने उपभोक्ताओं को नियमित रूप से प्रत्येक दो माह में बिजली बिल उपलब्ध कराने और विद्युत दरों की जानकारी के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी राजकीय विद्यालयों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों में अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में अपर सचिव ऊर्जा एवं एमडी पिटकुल मेहरबान सिंह बिष्ट, निदेशक परिचालन यूपीसीएल एमआर आर्या, मुख्य अभियंता गढ़वाल जोन एनएस बिष्ट आदि मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  छात्रों को ई-लाइब्रेरी का तोहफा... एक क्लिक पर मिलेगी सारी जानकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button