Uttar Pradesh

NEET-UG अभ्यर्थियों को राहत : UP रोडवेज की बसों में आज और कल आधे किराये पर सफर

UPSRTC ने जारी किए विशेष निर्देश, 21 जून को होने वाली नीट यूजी-2026 पुनर्परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को आज व 21 जून को मिलेगी 50 फीसदी किराया छूट, प्रवेश पत्र दिखाकर कर सकेंगे यात्रा

लखनऊ, 20 जून 2026:

नीट यूजी-2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए प्रदेश सरकार ने राहत की घोषणा की है। रविवार यानी 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर आज और कल (21 जून को) प्रदेशभर में यूपी रोडवेज की बसों में अभ्यर्थियों को किराये में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। इस फैसले से दूरदराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आर्थिक के साथ आवागमन में राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक पीएन सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को यात्रा के दौरान असुविधा न होने पाए, इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

निर्देशों के अनुसार बस परिचालक हर अभ्यर्थी से उसके नीट यूजी-2026 के प्रवेश पत्र की एक प्रति प्राप्त करेंगे और उसी के आधार पर 50 प्रतिशत रियायती दर पर टिकट जारी करेंगे। प्रवेश पत्र का सत्यापन करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन (ईटीआईएम) के माध्यम से अभ्यर्थियों को चाइल्ड टिकट जारी किया जाएगा। परिचालकों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश पत्र पर अभ्यर्थी की फोटो और परीक्षा तिथि सही हो तथा यात्रा निर्धारित अवधि के भीतर की जा रही हो।

ये भी पढ़ें:

यूपीएसआरटीसी ने रिकॉर्ड संधारण की भी व्यवस्था की है। परिचालक वेबिल के पिछले हिस्से में अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, यात्रा मार्ग और टिकट की धनराशि सहित आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। साथ ही प्रवेश पत्र की एक छायाप्रति भी सुरक्षित रखी जाएगी ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।

प्रबंध निदेशक के मुताबिक यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में ईटीआईएम मशीन से रियायती टिकट जारी करना संभव न हो, तो डिपो प्रभारी या केंद्र प्रभारी से अनुमति लेकर मैनुअल टिकट जारी किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में ब्लैंक टिकट बुक का उपयोग किया जाएगा और यात्रा से संबंधित सभी विवरण मार्ग पत्र में दर्ज किए जाएंगे।

प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से परिवहन निगम को विशेष निर्देश जारी कर रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  पंचायत चुनाव की उल्टी गिनती! UP में 12.58 करोड़ वोटर तैयार... ऐसे रोकी जाएगी फर्जी वोटिंग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link