स्पोर्ट्स डेस्क, 20 जून 2026:
फीफा विश्व कप 2026 में शनिवार को कई अहम मुकाबलों के बाद नॉकआउट चरण की तस्वीर और साफ होती नजर आई। ब्राजील ने हैती को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त मेजबान अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर अंतिम-16 में जगह पक्की कर ली। दूसरी ओर मोरक्को ने स्कॉटलैंड को शिकस्त देकर अगले दौर में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
ग्रुप-सी के मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ शुरुआती मैच में ड्रॉ खेलने के बाद उतरी ब्राजील की टीम ने हैती के खिलाफ आक्रामक शुरुआत की। 23वें मिनट में माथेयास कुनहा ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 36वें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

पहले हाफ के अतिरिक्त समय में विनिसियस जूनियर ने लुकास पाक्वेटा के पास को गोल में बदलते हुए ब्राजील की बढ़त 3-0 कर दी। दूसरे हाफ में हैती ने वापसी की कोशिश की, लेकिन ब्राजील की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसे सफलता नहीं मिली। इस जीत के साथ ब्राजील के चार अंक हो गए और वह ग्रुप में मोरक्को के बराबर पहुंच गया। वहीं हैती की लगातार दूसरी हार के बाद उसके लिए अंतिम-16 में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है।
उधर, सिएटल में खेले गए ग्रुप-डी मुकाबले में अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मैच के 11वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरन बर्गेस के आत्मघाती गोल से अमेरिका को बढ़त मिली। पहले हाफ के 43वें मिनट में एलेक्स फ्रीमैन ने दूसरा गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी।
दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं हुआ और अमेरिका ने 2-0 से मुकाबला जीतकर अंतिम-16 का टिकट हासिल कर लिया। इससे पहले अमेरिकी टीम ने अपने पहले मैच में पैराग्वे को 4-1 से हराया था। लगातार दो जीत के साथ अमेरिका ने 96 साल पुराना रिकॉर्ड भी दोहराया। इससे पहले उसने 1929 में लगातार दो मुकाबले जीते थे। मेक्सिको के बाद अमेरिका नॉकआउट दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है।
वहीं, ग्रुप-सी के दूसरे मुकाबले में मोरक्को ने स्कॉटलैंड को 1-0 से हराया। मैच शुरू होने के महज डेढ़ मिनट बाद इस्माइल सैबारी ने ब्राहिम डियाज के पास पर गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मोरक्को ने पूरे मैच में बढ़त बनाए रखी और स्कॉटलैंड को वापसी का मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ मोरक्को ने तीन अहम अंक हासिल किए और अंतिम-16 में पहुंचने की अपनी स्थिति मजबूत कर ली। ग्रुप चरण के मुकाबलों के बीच अब कई टीमों के लिए अगले दौर की तस्वीर काफी हद तक साफ होने लगी है।






