Lucknow City

एक फाल्ट से चार घंटे अंधेरे में डूबे रहे कई मोहल्ले… बंद रहे एसडीओ व जेई के फोन, लोगों में आक्रोश

एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े आदर्श विहार व आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित, चार हजार की आबादी रही परेशान, एक साल से खराब पड़ा इमरजेंसी सर्किट

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 20 जून 2026ः

यूपी की राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े आदर्श विहार और आसपास के इलाकों में शुक्रवार रात बिजली आपूर्ति ठप हो गई। केबल में फॉल्ट आने से चार घंटे बिजली नहीं आई। भीषण गर्मी और उमस के कारण चार हजार से अधिक लोग परेशान रहे।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से आदर्श विहार, रामपुर, भमरौली, जनता विहार कॉलोनी और सुदामा गली समेत कई मोहल्लों में रातभर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जेई और एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले।

ये भी पढ़ें:

स्थानीय लोगों का कहना है कि एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र के लिए बनाया गया 11 केवी का इमरजेंसी सर्किट करीब एक वर्ष से खराब पड़ा है। ऐसे में किसी भी लाइन या फीडर में खराबी आने पर वैकल्पिक आपूर्ति नहीं मिल पाती और हजारों घरों की बिजली घंटों तक गुल रहती है।

लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद विभाग ने इमरजेंसी सर्किट की मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि यह सर्किट चालू हो जाए तो फॉल्ट की स्थिति में दूसरे फीडर से बिजली आपूर्ति देकर राहत दी जा सकती है।

दुबग्गा खंड के एसडीओ संदीप वर्मा ने बताया कि 11 केवी सिंगल केबल में फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। तकनीकी टीम ने देर रात करीब दो बजे के आसपास फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी। हालांकि लोगों का कहना है कि जब तक खराब पड़े इमरजेंसी सर्किट को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक क्षेत्र के लोगों को बार-बार बिजली संकट झेलना पड़ेगा।

READ MORE

ये भी पढ़ें  दवाओं की गुणवत्ता पर सीएम सख्त, कहा...जिलों में सृजित करें "ड्रग कंट्रोल अफसर" का पद

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link