
लखनऊ, 21 जून 2026:
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यूपी की राजधानी लखनऊ रविवार सुबह पूरी तरह योगमय नजर आई। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ को केंद्र में रखते हुए शहर के पार्कों, ऐतिहासिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

लखनऊ की ऐतिहासिक रेजीडेंसी में आयोजित योग शिविर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों और नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान डीएम विशाख जी भी मौजूद रहे और विभिन्न योगासन किए। डिप्टी सीएम ने कहा कि योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाना समय की आवश्यकता है।
उधर, लखनऊ नगर निगम की ओर से लालबाग स्थित झंडी राज पार्क में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर हुए इस आयोजन में महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, बांदा के नरैनी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक ओममणी वर्मा, विभिन्न वार्डों के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और निरोग समाज का संदेश दिया गया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने राजाजीपुरम में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं चौक क्षेत्र में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में लोगों के साथ योगासन किए। उन्होंने हर आसन को पूरी गंभीरता से किया और उपस्थित लोगों ने भी उत्साहपूर्वक उनका अनुसरण किया।

गंगागंज खेल मैदान में पतंजलि योगपीठ की ओर से आयोजित सामूहिक योगाभ्यास भाजपा एमएलसी अवनीश सिंह, अंगद जी, गोसाईगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा डिंपल, चिनहट वार्ड दो कुछ भाजपा पार्षद शैलेंद्र वर्मा, योग गुरु नागेश कुमार सहित लोग शामिल हुए।

जनेश्वर मिश्र पार्क में भी मंत्री, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक योगाभ्यास के लिए जुटे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद योग मैट साथ ले जाने की कोशिश कर रहे कुछ लोगों को सुरक्षा कर्मियों ने रोककर मैट वापस रखवाए। इसके अलावा अंबेडकर पार्क और लोहिया पार्क में हजारों लोगों ने एक साथ योग कर स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया। गोमतीनगर स्थित आरएसएस की लक्ष्मण शाखा परिसर में वरिष्ठ नागरिकों ने विशेष व्यायाम और योगाभ्यास किया।
वहीं, मदरसा शिक्षा परिषद ने भी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश के मदरसा शिक्षकों और छात्रों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग कार्यक्रमों में भाग लेने के निर्देश जारी किए। विभिन्न आयोजनों ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने का सशक्त माध्यम है।






