Lucknow City

मॉर्निंग वॉकर्स को बड़ी राहत: लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल में सुबह 5 से 8 बजे तक एंट्री फ्री

रक्षामंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह की पहल पर एलडीए का फैसला, अब सुबह तीन घंटे के लिए नहीं देना होगा प्रवेश शुल्क

लखनऊ, 21 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में मॉर्निंग वॉक और योग करने आने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब सुबह 5 बजे से 8 बजे तक यहां आने वाले लोगों को प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। देश के रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की पहल पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मॉर्निंग वॉकर्स के लिए प्रवेश निशुल्क करने का निर्णय लिया है।
rashtra-prerana-sthal-lucknow-free-entry-morning-walkers-lda-rajnath-singh

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि बसंतकुंज योजना में लगभग 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक, योग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। अब तक यहां प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 15 रुपये का टिकट देना अनिवार्य था। इसमें मॉर्निंग वॉकर्स भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि हाल ही में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से राष्ट्र प्रेरणा स्थल में मॉर्निंग वॉकर्स के लिए निशुल्क प्रवेश की मांग की थी। जनहित को देखते हुए रक्षामंत्री ने इस संबंध में एलडीए को आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:

उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में प्राधिकरण ने सुबह 5 बजे से 8 बजे तक प्रवेश पूरी तरह निशुल्क करने का फैसला लिया है। एलडीए के अनुसार सुबह 8 बजे के बाद राष्ट्र प्रेरणा स्थल में प्रवेश के लिए पहले की तरह निर्धारित शुल्क ही लागू रहेगा। प्राधिकरण ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए हैं।

माना जा रहा है कि इस फैसले से रोजाना सुबह टहलने और योग करने आने वाले हजारों नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा। जनहित से जुड़े इस निर्णय को शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  आंधी-पानी के बाद कई इलाकों की बिजली रही गुल... पावर हाउस में पथराव-तोड़फोड़

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button