
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 25 जून 2026:
उत्तराखंड सरकार ने नंदा गौरा योजना के तहत लंबे समय से प्रतीक्षा कर रही 4098 पात्र बालिकाओं को बड़ी राहत दी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को डीबीटी के माध्यम से करीब 19.23 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे बालिकाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
रेखा आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय से हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले की पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ जारी किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33,251 बालिकाओं को 26 फरवरी 2026 को ही योजना का लाभ दे दिया गया था, लेकिन हरिद्वार और उत्तरकाशी की कुछ बालिकाओं के मामलों में जरूरी औपचारिकताएं और जिला स्तरीय समिति की मंजूरी समय पर पूरी नहीं हो सकी थी। इसी वजह से उनका भुगतान लंबित रह गया था।
मंत्री ने बताया कि अब सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इन 4098 बालिकाओं को बकाया सहायता राशि जारी कर दी गई है। लाभ पाने वाली बालिकाओं में 417 नवजात बेटियां शामिल हैं, जबकि 3681 बालिकाएं ऐसी हैं जिन्होंने 12वीं पास करने के बाद स्नातक में प्रवेश लिया है।
रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की कोई भी पात्र बेटी योजना के लाभ से वंचित न रहे। नंदा गौरा योजना बेटियों की पढ़ाई, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल साबित हो रही है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2017-18 से लेकर 2025-26 तक प्रदेश की 4,11,035 बालिकाओं को इस योजना के तहत करीब 1314 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।





