
लखनऊ, 25 जून 2026:
यूपी की राजधानी के अलीगंज स्थित बहुमंजिला भवन में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। हादसे के बाद शुरू हुआ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का विशेष जांच एवं सीलिंग अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। एलडीए, अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में मानकों के विपरीत संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों की जांच कर कार्रवाई की।
गोमतीनगर क्षेत्र में जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर भूमि आईएएस कोचिंग, विद्या मंदिर कोचिंग और दृष्टिकोण लाइब्रेरी को सील कर दिया गया। वहीं पत्रकारपुरम स्थित प्रकाश फैशन शोरूम भी कार्रवाई की जद में आ गया। जांच में पाया गया कि बेसमेंट में संचालित इस शोरूम में फायर एग्जिट गेट नहीं था। लिफ्ट के पास गैस सिलेंडर रखे गए थे, जो किसी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकते थे। इसके चलते टीम ने तत्काल शोरूम को सील कर दिया।

उधर आशियाना क्षेत्र में जोनल अधिकारी रवि नंदन के नेतृत्व में टीम ने अवैध रूप से संचालित ड्रिम्स आईएएस कोचिंग पर कार्रवाई करते हुए उसे भी बंद करा दिया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर चल रहा यह विशेष अभियान लगातार तीन सप्ताह तक जारी रहेगा।

अधिकारियों के अनुसार इस दौरान कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम, डांस स्टूडियो, प्ले ग्रुप स्कूल और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स की गहन जांच की जाएगी। जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा या मानचित्र संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ तत्काल सीलिंग और नोटिस की कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि अभियान के पहले दिन बुधवार को एलडीए ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित 71 प्रतिष्ठानों को सील किया था। इनमें एलन, ग्रेविटी, आकाश, गवर्नमेंट एग्जाम वाला और पैरामाउंट जैसे बड़े कोचिंग संस्थान भी शामिल थे। इसके साथ ही 83 भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया था। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।






