Uttarakhand

बाल सुधार गृह में शुरू होगा Basic Learning Program, डीएम ने मांगा हर बच्चे का प्रोफाइल

केदारपुरम स्थित नारी निकेतन, बाल सुधार गृह और किशोरी गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की, बच्चों की शिक्षा, काउंसलिंग, हेल्थ चेकअप और पुनर्वास गतिविधियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 25 जून 2026:

नारी निकेतन, बाल सुधार गृह और किशोरी गृह में रह रहे बच्चों व महिलाओं को बेहतर माहौल और सुविधाएं देने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को केदारपुरम स्थित संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता और पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए।

बाल सुधार गृह में जिलाधिकारी ने वहां रह रहे किशोरों से सीधे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, दिनचर्या और जरूरतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को बेसिक लर्निंग प्रोग्राम शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की शैक्षिक क्षमता और सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सके।

डीएम ने सभी किशोरों का विस्तृत प्रोफाइल तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही नियमित काउंसलिंग और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को सही दिशा मिल सके। उन्होंने पुनर्वास और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

नारी निकेतन और किशोरी गृह के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में रह रही महिलाओं और किशोरियों का नियमित हेल्थ चेकअप कराया जाए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित माहौल के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वर्तमान में नारी निकेतन में 160 संवासिनियां, बाल सुधार गृह में 7 किशोर और किशोरी संप्रेक्षण गृह में 12 किशोरियां रह रही हैं।

निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, समिति सदस्य पी.एन. जौहर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button