Raebareli City

केंद्र सरकार पर कांग्रेस का तीखा प्रहार, किशोरी लाल शर्मा बोले- पेपर लीक से युवाओं के सपने हो रहे बर्बाद

रायबरेली पहुंचे कांग्रेस सांसद ने शिक्षा के निजीकरण, राम मंदिर चढ़ावा, ऑपरेशन सिंदूर और संसद में विरोधाभासी बयानों को लेकर सरकार को घेरा, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की उठाई मांग

विजय पटेल

रायबरेली, 29 जून 2026:

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने सोमवार को केंद्र सरकार पर कई अहम मुद्दों को लेकर जोरदार हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए वर्षों की मेहनत की कमाई खर्च करते हैं लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों युवाओं के सपने टूट रहे हैं। आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। इससे सरकारी शिक्षा संस्थान लगातार कमजोर हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर किशोरी लाल शर्मा ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

सांसद ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर संसद में रक्षा मंत्री के बयान और बाद में सामने आई जानकारियों का हवाला देते हुए सरकार पर विरोधाभासी जानकारी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सर्वोच्च सदन में तथ्यों को लेकर भ्रम की स्थिति बनना जनता के विश्वास को कमजोर करता है।

किशोरी लाल ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े इन सभी मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार से जवाबदेही की मांग करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनहित के सवालों से बचने का प्रयास कर रही है जबकि देश की जनता पारदर्शिता और जवाब चाहती है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  रायबरेली : पर्ची में कुछ ऐसा लिखा मिला कि गांव में फैली दहशत...थाने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने बढ़ाई गश्त

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button