Uttarakhand

चम्पावत को मॉडल जिला बनाने की बड़ी पहल, CM धामी ने दी 123.79 करोड़ की 17 परियोजनाओं की सौगात

सिटी सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, जिम कॉर्बेट ट्रेल और धार्मिक पर्यटन परियोजनाओं पर जोर, बोले- विकास के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता भी हमारी प्राथमिकता

न्यूज डेस्क, 29 जून 2026:

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 123.79 करोड़ रुपये की लागत वाली 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई आठ परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 96 करोड़ रुपये की लागत से नौ नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने 3.49 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया। इसके तहत जनपद में जिम कॉर्बेट से जुड़े विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया। लगभग 62.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से शहर की पार्किंग समस्या दूर होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
uttarakhand-cm-dhami-champawat-visit-launches-development-projects (2)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल सड़कें और भवन नहीं बना रही बल्कि ऐसा चम्पावत तैयार कर रही है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा 58.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। इसके अलावा कृषि महाविद्यालय, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में भी तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास भी, विरासत भी मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और 14 करोड़ रुपये की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना पर भी कार्य जारी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों, युवाओं, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, शिक्षकों, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज शुरू हुई विकास परियोजनाएं विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी। उन्होंने सभी परियोजनाओं के लिए जनपदवासियों को बधाई देते हुए विकास यात्रा में निरंतर जनभागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत चम्पावत आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, डीएम मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button