Raebareli City

मंत्री दिनेश प्रताप ने अमित शाह के समर्थन में खोला मोर्चा, धरना देकर राहुल-प्रियंका से मांगा इस्तीफा

भाजपा कार्यकर्ताओं ने डिग्री कॉलेज चौराहे पर किया Protest, राहुल गांधी-प्रियंका गांधी के खिलाफ लगाए नारे, मंत्री बोले विपक्ष के दोहरे मापदंड का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे

विजय पटेल

रायबरेली, 30 जुलाई 2026:

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को रायबरेली में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के खिलाफ धरना दिया। शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास हुए प्रदर्शन में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे। कार्यकर्ताओं ने दोनों कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की, हाथों में इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लेकर विरोध जताया।

अमित शाह के इस्तीफे की मांग का जवाब

ये भी पढ़ें:

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि विपक्ष की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के जवाब में भाजपा ने अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि जनता के सामने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश की जा रही है।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

धरने को संबोधित करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दूसरी पार्टियों के समर्थन से सांसद बने हैं। दूसरे के आंदोलन के चलते शिक्षा मंत्री के इस्तीफे में कामयाबी मिलने के बाद अब उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी है।

सियार की खाल पहनने से शेर नहीं बना जाता

मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि किसी सियार के शेर की खाल पहन लेने से वह शेर नहीं बन जाता। उन्होंने राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के बयानों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ प्रियंका गांधी संसद में अमित शाह को चाणक्य कहती हैं, दूसरी तरफ राहुल गांधी उनके इस्तीफे की मांग करते हैं।

किराए के वोटों से चुनाव जीतने वाले नेता हैं राहुल

दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी की रायबरेली से जीत पर भी सवाल उठाया। उन्होंने राहुल गांधी को ‘किराए के वोटों से जीता हुआ’ नेता बताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, संविधान की गरिमा व नेता प्रतिपक्ष के पद की मर्यादा से जुड़े मुद्दों पर अब सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भारत के संविधान की गरिमा को नुकसान पहुंचाया है। साथ ही नेता प्रतिपक्ष के पद की मर्यादा घटाने, रायबरेली की जनता की भावनाओं को आहत करने व देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में समझौता करने का आरोप लगाया।
dinesh-pratap-singh-protest-rahul-priyanka-gandhi-raebareli (2)

जंतर-मंतर प्रदर्शन का भी जिक्र

मंत्री ने राहुल गांधी के आचरण को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश ने वहां राहुल गांधी के व्यवहार को देखा है। दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि ऐसी राजनीतिक संस्कृति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। धरने को देखते हुए डिग्री कॉलेज चौराहे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म रहा, हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हुआ। धरने के बाद दिनेश प्रताप सिंह ने Media से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के इस्तीफे की मांग दोहराई।

ये भी पढ़ें  सड़क पर उतरे कांग्रेसी...कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button