Hardoi City

शादी से ठीक पहले FIR दर्ज,, दूल्हा फरार, मेहंदी लगाए बारात का इंतजार करती रही दुल्हन

प्रेमिका की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा, शादी का वादा कर संबंध बनाने, रुपये लेने और गर्भपात कराने का आरोप, दूसरी ओर दुल्हन पक्ष ने करीब चार लाख रुपये के नुकसान की शिकायत दी, आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगीं

हरदोई, 1 जुलाई 2026:

हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में एक शादी उस समय रुक गई जब दूल्हे के खिलाफ शादी वाले दिन ही गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज हो गया। केस दर्ज होने की जानकारी मिलते ही दूल्हा फरार हो गया, जिससे बारात उन्नाव नहीं पहुंच सकी। उधर, हाथों में मेहंदी लगाए दुल्हन बारात का इंतजार करती रही। अब दुल्हन के पिता ने भी आर्थिक नुकसान और सामाजिक अपमान का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

मामला बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के बिरनी गांव का है। यहां रहने वाले पंकज की शादी उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में तय थी। दोनों परिवारों ने शादी की पूरी तैयारी कर ली थी। बारात 30 जून को निकलने वाली थी लेकिन ऐन मौके पर घटनाक्रम बदल गया। पुलिस के मुताबिक, शादी वाले दिन एक विधवा महिला ने बिलग्राम कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पति की मौत के बाद पंकज ने उससे शादी का वादा किया था। महिला का कहना है कि करीब दो साल तक दोनों के बीच संबंध रहे। इस दौरान पंकज ने उसके जेवर गिरवी रखवाए, एटीएम से रकम निकलवाई और नकदी मिलाकर करीब 1.20 लाख रुपये ले लिए।
hardoi-groom-flees-after-fir-registered-before-wedding-bilgram (2)

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर उसे दवा खिलाकर गर्भपात कराया गया। बाद में जब उसे पंकज की दूसरी शादी की जानकारी मिली तो उसने तुरंत पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। केस दर्ज होने की सूचना मिलने के बाद पंकज घर से फरार हो गया। इसी वजह से बारात उन्नाव नहीं पहुंच सकी। शादी की सारी तैयारियां होने के बावजूद दुल्हन पक्ष को अंतिम समय पर मायूसी का सामना करना पड़ा।

बांगरमऊ निवासी दुल्हन के पिता ने भी बिलग्राम कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शादी की तैयारियों में करीब चार लाख रुपये खर्च हो चुके थे। रिश्तेदार पहुंच चुके थे, खाना भी तैयार था, लेकिन बारात नहीं आने से आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक असहजता भी झेलनी पड़ी। बिलग्राम पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश जारी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button