
लखनऊ, 3 जुलाई 2026:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उनसे मुलाकात की और इलाज कर रहे चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से महंत नृत्य गोपाल दास को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले, यही उनकी प्रार्थना है। बता दें महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में रखा गया, हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और यदि स्वास्थ्य इसी तरह बेहतर रहा तो जल्द अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में शामिल रहे हैं। वर्तमान में वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और राम मंदिर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण चरणों में उनकी अहम भूमिका रही है।






