Lucknow City

2027 की जंग की तैयारी तेज : भाजपा की रणनीतिक बैठक में दिया बूथ तक संगठन मजबूती का मंत्र

लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में हुई बैठक में प्रशिक्षण, संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन, बंगाल समेत तीन राज्यों में जीत पर जश्न

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 5 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित एक रिसॉर्ट में मंगलवार को भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक और जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया।

बैठक में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी त्र्यंबक त्रिपाठी और प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्य अतिथि त्र्यंबक त्रिपाठी ने संगठन की संरचना और भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नव नियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाएं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

Mission 2027 BJP Strategic Meet on Organization (1)

विशिष्ट अतिथि शंकर लाल लोधी ने प्रशिक्षण की अहमियत बताते हुए कहा कि एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता के बीच अपनी उपस्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष विजय कुमार मौर्य ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व चुनौतीपूर्ण जरूर हैं लेकिन समर्पण और ईमानदारी से इन्हें निभाया जा सकता है। उन्होंने सभी से संगठन के विश्वास पर खरा उतरने की अपील की। बैठक के दौरान रविराज लोधी ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर समाजवादी पार्टी और विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव रखा।

इस प्रस्ताव का समर्थन जिला महामंत्री ने किया जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ने और संचालन जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल ने किया। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, पूर्व सांसद रीना चौधरी, पूर्व विधायक अविनाश त्रिवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के समापन पर पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में मिली जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button