Uttarakhand

Insta Photo में गले मे दिखा 10 लाख का हार, महिला पहुंची जेल, मकान मालकिन को ऐसे दिया था झांसा

करीब एक साल पहले घर से गायब हुए हीरे, सोने के गहनों का हुआ खुलासा, मालकिन ने Instagram पर देखी फोटो, हार पहचानते ही पुलिस में दी शिकायत, आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण, मोबाइल फोन भी बरामद

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 3 जुलाई 2026:

करीब एक साल पहले हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के गहनों की चोरी का राज आखिरकार एक Instagram फोटो से खुल गया। पूर्व घरेलू सहायिका ने चोरी का हीरे का हार पहनकर अपनी प्रोफाइल पर तस्वीर पोस्ट की, जिसे देखकर मकान मालकिन को शक हुआ। शिकायत मिलते ही राजपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने एक जुलाई को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती गहने गायब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद गहने कहीं रख दिए गए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे।

ये भी पढ़ें:

कुछ दिन पहले एक परिचित ने Instagram पर एक महिला की फोटो दिखाई। तस्वीर में महिला बिल्कुल वैसा ही हीरे का हार पहने दिखाई दी, जो उनके घर से गायब हुआ था। फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

मामला दर्ज होने के बाद गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड से विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी। इसी दौरान उसने लॉकर में रखे महंगे गहने देखे और मौका मिलते ही उन्हें चुरा लिया। बाद में उसने मालकिन को भरोसा दिलाया कि शायद गहने कहीं और रखे गए होंगे, जिससे लंबे समय तक किसी को उस पर शक नहीं हुआ।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी के गहने बेचने की कई बार कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार Instagram पर पोस्ट की गई एक तस्वीर उसके लिए सबसे बड़ा सबूत बन गई। गिरफ्तार विमला की उम्र 34 वर्ष है। वह मूल रूप से लखीमपुर खीरी की रहने वाली है और फिलहाल देहरादून के बापू नगर, जाखन क्षेत्र में रह रही थी।

READ MORE

ये भी पढ़ें  चारधाम रूट पर ट्रैफिक का नया प्लान, कर्णप्रयाग और सिमली में बनेगी मॉडर्न Parking

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button