Uttarakhand

कारगिल विजय दिवस: गांधी पार्क में गूंजेगा वीरों का शौर्य, मंत्री गणेश जोशी ने परखीं तैयारियां

सैनिक कल्याण मंत्री ने किया निरीक्षण, शहीदों की स्मृति में 25 जुलाई को 'रन फॉर कारगिल हीरोज' का आयोजन, शौर्य दिवस पर आयोजित समारोह में सीएम धामी होंगे मुख्य अतिथि, वीर सैनिकों के परिजनों का होगा सम्मान

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 18 जुलाई 2026ः

उतराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को देहरादून स्थित गांधी पार्क में 26 जुलाई को आयोजित होने वाले कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, स्वच्छता और बरसात की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक वैकल्पिक इंतजाम करने को कहा।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश की सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। शौर्य दिवस पर आयोजित सभी कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होने चाहिए, ताकि कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके। उन्होंने बताया कि कारगिल शहीदों की स्मृति में 25 जुलाई को प्रातः ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ शौर्य स्थल, चीड़बाग से प्रारंभ होकर गांधी पार्क में संपन्न होगी।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने युवाओं, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल होकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की। मंत्री ने बताया कि 26 जुलाई को गांधी पार्क में आयोजित राज्य स्तरीय शौर्य दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  ऋषिकेश में अवैध जुआ पार्टी पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, होटल नवरंग से 40 लोग गिरफ्तार

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button