
लखनऊ, 5 जुलाई 2026:
यूपी सरकार के ‘Visit My State’ अभियान का असर अब युवाओं में साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पर्यटन स्थलों को करीब से जानने और प्राकृतिक धरोहर से जुड़ने की उत्सुकता के बीच रविवार को लखनऊ से करीब 35 बाइकर्स का एक समूह उन्नाव स्थित चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार पहुंचा। यहां उन्होंने प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की पारंपरिक मेहमाननवाजी का भी अनुभव किया।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘Visit My State’ अभियान में युवाओं की बढ़ती भागीदारी बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल प्रदेश के इको-टूरिज्म स्थलों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति से जोड़ने और प्रदेश की विविध पर्यटन संभावनाओं को जानने का अवसर प्रदान कर रही है।
यूपीएसटीडीसी के राही पर्यटक आवास में बाइकर्स का पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्हें पौष्टिक नाश्ते के साथ चाय-कॉफी परोसी गई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को पक्षी विहार का भ्रमण कराया। बाइकर्स ने शांत आर्द्रभूमि (वेटलैंड) में निवास करने वाले और प्रवासी पक्षियों को करीब से देखा तथा अभयारण्य के पर्यावरणीय महत्व की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

प्रतिभागी अमित सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहद खूबसूरत और यादगार पर्यटन स्थल है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की शानदार मेहमाननवाजी ने इस यात्रा को और भी खास बना दिया और हर व्यक्ति को यहां आना चाहिए।
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि ‘Visit My State’ अभियान लोगों को उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों से दोबारा जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इको-टूरिज्म और बेहतर आतिथ्य सेवाओं के जरिए यह अभियान पर्यटन को नई गति देने के साथ प्रदेश में सतत पर्यटन को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।






