Lucknow CityUttar Pradesh

चेले-चपाटों को समझाओ, नहीं तो हमारे हवाले कर दो… आजमगढ़ से योगी का अखिलेश पर तीखा वार

बेटियों की सुरक्षा, विकास और सुशासन को लेकर सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, किया 955 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

आजमगढ़/लखनऊ, 13 जून 2026:

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ में लगभग 955 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करने के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। इस दौरान उन्होंने बेटियों की सुरक्षा और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा को लेकर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसी भी बेटी के सम्मान और सुरक्षा के मामले में भेदभाव नहीं करती। योगी ने कहा कि हम उस संस्कार में पले-बढ़े हैं जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन होती है।

योगी ने आगे कहा… हमने तो कोई भेदभाव नहीं किया लेकिन अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो, अपने चेले चपाटों को कह दो भाषा को संयम कर लें। वे वरिष्ठ नेताओं, महिलाओं और बुजुर्गों के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हैं। दूसरों के प्रति टिप्पणी करने से पहले खुद सोचा करो कि उनके लोग बहन-बेटियों के लिए कैसी भाषा का इस्तमाल करते हैं। इसके बारे में उनको भी संस्कारित करने की आवश्यकता है। अच्छा होगा उनको समझाओ और नहीं समझ सकते तो हमारे हवाले कर दो। हम उनको अच्छी तरह समझा देंगे।

CM Yogi Attacks Akhilesh Yadav in Azamgarh Today (1)

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और विवाह से जुड़ी योजनाएं आज प्रभावी रूप से संचालित हो रही हैं लेकिन वर्ष 2017 से पहले ऐसी पहलें क्यों नहीं हो सकीं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक्सप्रेस-वे, विश्वविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पहले क्यों नहीं बन पाईं।

योगी ने कहा कि प्रदेश में सड़क और कनेक्टिविटी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आजमगढ़ से गोरखपुर, वाराणसी और लखनऊ तक की यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों को आवास, शौचालय, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन देने का काम किया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई गरीब की जमीन हड़पने, बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने या व्यापारियों को परेशान करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को प्रदेश के विकास पर बोझ बताते हुए जनता से उन्हें नकारने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के एजेंडे पर निरंतर कार्य कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button