Lucknow City

LDA का बुलडोजर एक्शन: गोमतीनगर विस्तार में 6 अवैध कार वर्कशॉप ध्वस्त, चौक-वजीरगंज में निर्माण सील

लखनऊ की आवासीय योजना में खुले थे वर्कशॉप, सड़क पर वाहन खड़े होने से लोगों को दिक्कत, प्रवर्तन टीम ने चौक व राजाबाजार में दो अवैध व्यावसायिक निर्माण किए सील

लखनऊ, 12 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का सख्त रुख जारी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एलडीए की प्रवर्तन टीम ने गोमतीनगर विस्तार में आवासीय भूखंडों पर अवैध रूप से संचालित छह कार वर्कशॉप को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। वहीं, चौक और वजीरगंज क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति कराए किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।

एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक आवासीय योजनाओं में अवैध कार गैराज और वर्कशॉप क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित करते हैं। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-1, सेक्टर-4 और सेक्टर-6 में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। कार वर्कशॉप में वाहनों की धुलाई से सड़कों पर जलभराव हो रहा था।सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी।

WhatsApp Image 2026-02-12 at 1.03.50 PM

क्षेत्रवासियों की परेशानी को देखते हुए एलडीए ने पहले अवैध सेंटरों को सील किया। विहित न्यायालय में सुनवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश पारित होने पर बुधवार को मौके पर कार्रवाई की गई। इस दौरान दिनेश सिंह सचान, अवधेश कुमार, भूपेन्द्र सिंह, केएल गुप्ता, मेसर्स ऋषि मोटर्स और आदित्य सिंह के आवासीय भूखंडों पर चल रही छह अवैध कार वर्कशॉप को ध्वस्त किया गया।

वहीं, प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि चौक में गोल दरवाजा के पास लगभग 50 वर्गमीटर क्षेत्र और वजीरगंज के राजाबाजार में करीब 70 वर्गमीटर भूखंड पर एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना व्यावसायिक और बहुमंजिला भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। दोनों ही स्थानों पर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

WhatsApp Image 2026-02-12 at 1.03.49 PM

ये भी पढ़ें  चंद्रशेखर आजाद भी 2027 की जंग की तैयारी में जुटे... टिकट के दावेदारों का खुद ले रहे इंटरव्यू

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link