Uttarakhand

वेणुगोपाल की कांग्रेसियों को नसीहत, गुटबाजी छोड़ चुनाव तैयारी में जुटें, धामी सरकार को भी घेरा

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव का उत्तराखंड का दो दिवसीय दौरा समाप्त, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर की बैठक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में मोदी सरकार पर साधा निशाना, राहुल गांधी 17 जुलाई को आएंगे देहरादून

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 10 जुलाई 2026ः

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उत्तराखंड दौरे के दौरान कांग्रेस संगठन की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने मिशन 2027 को लेकर पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग बात कर फीडबैक लिया। इसके अलावा राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मोदी सरकार पर निशाना साधा। केसी वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आए थे। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून आएंगे।

कांग्रेस महासचिव ने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर कांग्रेस की स्थिति, जनता के मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के भीतर चल रही आपसी खींचतान को खत्म कर सभी नेताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सामूहिक प्रयास के दम पर ही 2027 के चुनाव में सफलता हासिल की जा सकती है।

केसी वेणुगोपाल ने दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा की डबल इंजन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भ्रष्टाचार, नीट पेपर लीक और अन्य मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा और मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने केदारनाथ मंदिर से जुड़े सोने के मामले और बद्रीनाथ में चढ़ावे के कथित विवाद को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भगवान और जनता के साथ अन्याय करने वालों को जवाब देना होगा। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, डा. हरक सिंह रावत समेत पदाधिकारी व विधायक मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button