Ayodhya

22 जुलाई की बैठक में ट्रस्ट पर होगा अहम फैसला, नृपेंद्र मिश्रा बोले- कम नहीं हुई श्रद्धालुओं की भीड़

राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष ने बैठक में लिए गए फैसलों की दी जानकारी, 100 करोड़ से होगा राम कथा संग्रहालय का निर्माण, भगवान श्रीराम के वनगमन से जुड़ी यात्रा को हाईटेक तकनीक से किया जाएगा प्रदर्शित

अनिल निषाद

अयोध्या, 12 जुलाई 2026ः

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति की दो दिनों तक चली बैठक के बाद समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि बैठक दो चरणों में संपन्न हुई। इसमें राम कथा संग्रहालय और मंदिर निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अंतिम निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक होगी। इसमें सीईओ की नियुक्ति, समितियों सहित कई प्रशासनिक विषयों पर निर्णय लिया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम कथा संग्रहालय की सभी गैलरियों की स्क्रिप्ट फाइनल कर दी गई है। संग्रहालय में भगवान श्रीराम के वनगमन से जुड़ी यात्रा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसकी शुरुआत सरयू नदी से होगी और समापन गुप्तार घाट पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने बताया कि संग्रहालय के निर्माण पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि राम मंदिर के निर्माण पर कुल 1600 से 1800 करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की संख्या कम होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि मंदिर में दर्शनार्थियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मीडिया से अफवाहें न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि प्रवेश द्वार से निकास तक श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा सकती है और अधिकांश श्रद्धालु व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं।

उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक होगी। इसमें सीईओ की नियुक्ति, समितियों और उपसमितियों के भविष्य सहित कई प्रशासनिक विषयों पर निर्णय लिया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि ट्रस्ट के पदेन सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं होगा और यदि सीईओ की नियुक्ति होती है तो उसका पूरा स्टाफ भी ट्रस्ट की निगरानी में कार्य करेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button