
लखनऊ/बाराबंकी, 20 जुलाई 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी जिले के दौरे पर रहेंगे। प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे इस जिले में मुख्यमंत्री रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों को 542 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। रामनगर क्षेत्र के लोधेश्वर महादेव मंदिर के पीछे स्थित प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी 82 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री रामनगर विधानसभा क्षेत्र की 104 करोड़ रुपये से अधिक की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 178 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। वहीं, दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की 29 करोड़ रुपये से अधिक की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण और 231 करोड़ रुपये से अधिक की 34 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।

मुख्यमंत्री के दौरे से दोनों विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, खाद एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य इं. अवनीश कुमार सिंह, अंगद कुमार सिंह और उमेश द्विवेदी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा कुर्सी विधायक सकेंद्र प्रताप वर्मा, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।






