
देहरादून, 23 जुलाई 2026ः
श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में रजिस्टर्ड श्रमिकों के लिए कई योजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने श्रमिक और श्रमिक परिवारों के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ योजना के तहत दो मेडिकल मोबाइल वैन का भी फ्लैग ऑफ किया। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल व चम्पावत से हुई।
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार श्रमिक कल्याण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज शुरु की जा रहीं योजनाएं भी श्रमिकों व उनके परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। ‘मुख्यमंत्री पोषण योजना’ के माध्यम से जहां श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, ‘मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना’ के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्र-छात्राओं को मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरणा लेकर शुरु की जा रही ‘मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम’ के जरिए श्रमिक परिवारों में हाइजीन किट का वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को योग व वेलनेस के क्षेत्र में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर साल 210 बच्चों को आवासीय सुविधायुक्त प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को भी प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।

टेली-कंसल्टेशन से विशेषज्ञ डॉक्टरों की मिलेगी सलाह
धामी ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना’ के तहत शुरु मोबाइल मेडिकल वैन के जरिए विशेष स्वास्थ्य दल दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर श्रमिकों को कार्य व आवास स्थल पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। इस वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही इस वैन में टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह भी मिलेगी। जांच के बाद तीन महीने तक उनके स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत जनपद से हो रही है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

‘श्रमेव जयते के मंत्र पर चल रही सरकार’
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने वर्ष 2014 में श्रमिकों के मान सम्मान को बढ़ाने के लिए ‘श्रमेव जयते’ का मंत्र दिया था। इसी क्रम में राज्य सरकार भी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है।

बोर्ड में पंजीकरण-नवीनीकरण कराते रहें श्रमिक
धामी ने कहा कि सभी पात्र श्रमिक उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण-नवीनीकृत कराते रहें, जिससे सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंच सके। इससे पहले बोर्ड के सचिव पीसी दुम्का ने बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत करने के साथ ही नई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरिया, अध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति प्रो. गोविन्द सिंह, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, श्रमायुक्त पीसी दुम्का मौजूद रहे।






