
लखनऊ, 27 जुलाई 2026:
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए लंबे पोस्ट में उन्होंने संसद की कार्यवाही से लेकर यूपी की राजनीति और सपा-कांग्रेस संबंधों तक कई मुद्दों पर अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की।
मंत्री राजभर ने लिखा कि पिछले एक सप्ताह से अखिलेश यादव और उनके ‘बॉस’ संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश अपने सांसदों से सदन चलाने की अपील करें और साथ ही ‘राहुल जी’ से भी संसद सुचारु रूप से चलने देने का अनुरोध करें। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आजकल राहुल गांधी बार-बार यह दिखा रहे हैं कि ‘बॉस आखिर बॉस ही होता है।’
सुभासपा अध्यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में पहले से ज्यादा मजबूती के साथ सीटों की मांग करेगी और ऐसे में अखिलेश यादव के लिए उसे मना करना आसान नहीं होगा। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस अब सपा से ‘बीस’ है और अखिलेश ‘उन्नीस’ रह गए हैं।
राजभर ने सपा के पीडीए और एमवाई समीकरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीडीए पहले ही अखिलेश के हाथ से निकल चुका है और अब मुस्लिम मतदाताओं का रुख भी बदलता दिखाई दे रहा है। उनका दावा रहा कि सपा की रणनीति अब मुस्लिम समाज को भी प्रभावित नहीं कर पा रही है।
अपने चिर-परिचित देसी अंदाज में राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह दी कि सोशल मीडिया और एसी कमरों से बाहर निकलकर जमीन पर राजनीति करें। उन्होंने कहा कि लंदन-पेरिस घूमने के बजाय यूपी के बौद्ध सर्किट और आजमगढ़ के गैर-यादव समाज के बीच जाना चाहिए।
पोस्ट के अंत में उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश को अब सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए कि ‘राहुल गांधी उनके ब्लॉक में बड़के भैया हैं।’ राजभर की इस टिप्पणी को प्रदेश की राजनीति में सपा और कांग्रेस पर एक और तीखे राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है।






