Uttarakhand

देवभूमि में कांवड़ियों का भाव भरा स्वागत, आसमान से बरसे फूल, धामी ने पैर धोए फिर परोसा भोजन

हर की पैड़ी से कांवड़ मार्ग तक शिवभक्तों पर बरसाए गए फूल, स्वास्थ्य सेवा शिविर की शुरुआत की गई, यात्रा में ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों और पर्यावरण मित्रों को भी सम्मान मिला, सुरक्षा इंतजामों पर भी सरकार ने दिया जोर

हरिद्वार, 4 अगस्त 2026:

हरिद्वार में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के स्वागत के लिए राज्य सरकार की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। अलकनंदा होटल परिसर में मुख्यमंत्री ने पांच कांवड़ियों के पांव पखारकर उनका सम्मान किया। बाद में उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच बैठकर अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
haridwar-news-cm-dhami-welcomes-kanwar-yatra-pilgrims-flower-shower (2)

स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए गए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध इलाज, दवाइयों समेत दूसरी सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से जानकारी लेकर निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके।

ये भी पढ़ें:

हर शिवभक्त को मिले सुरक्षित, सम्मानजनक माहौल

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि देवभूमि आने वाले हर शिवभक्त को सुरक्षित, आसान और सम्मानजनक माहौल मिले। उनके मुताबिक कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, सामाजिक एकजुटता और आस्था का बड़ा पर्व है। इसी वजह से सभी विभाग मिलकर यात्रा को बेहतर ढंग से संचालित करने में जुटे हैं।

पांच साल से कर रहे हैं शिवभक्तों की सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लगातार पांच वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के बीच पहुंचकर सेवा करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। कठिन रास्तों पर लंबी यात्रा करने वाले श्रद्धालु अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश भी देते हैं।
haridwar-news-cm-dhami-welcomes-kanwar-yatra-pilgrims-flower-shower (3)

एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु उठा चुके हैं गंगाजल

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल अब तक एक करोड़ से ज्यादा शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, राम जन्मभूमि, केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसे प्रोजेक्ट भारतीय संस्कृति को नई पहचान दे रहे हैं।

केदारनाथ पुनर्निर्माण से लेकर गंगा कॉरिडोर तक का जिक्र

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि उसके बाद धाम का बड़े स्तर पर पुनर्निर्माण हुआ। आस्था पथ, सरस्वती घाट, आदि शंकराचार्य की प्रतिमा, तीर्थ पुरोहित आवास जैसी कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देंगे।
haridwar-news-cm-dhami-welcomes-kanwar-yatra-pilgrims-flower-shower (4)

सुरक्षा व्यवस्था पर खास फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और इमरजेंसी सहायता जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और धार्मिक परंपराओं का पालन करने की अपील भी की।

पुलिसकर्मी व पर्यावरण मित्र हुए सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के लिए है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं समेत दूसरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
haridwar-news-cm-dhami-welcomes-kanwar-yatra-pilgrims-flower-shower (5)

आयोजन में कई जनप्रतिनिधि व अफसर रहे मौजूद

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनिता अग्रवाल, स्वामी यतीश्वरानंद, आशुतोष शर्मा, संजय गुप्ता, देशराज कर्णवाल, दिनेश कौशिक, जयपाल सिंह चौहान, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, नितिन गौतम, राजीव शर्मा, तन्मय वशिष्ठ, विक्रम भुल्लर, मनोज गर्ग, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी राजीव स्वरूप, योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित आदि अफसर मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड में सेब की नई क्रांति... किसानों की आमदनी के खुलेंगे नए रास्ते, मुख्य सचिव ने दिए ये निर्देश

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button