EducationGovernment policiesLucknow CityUttar Pradesh

UP Scholarship 2026 : छात्रों के खाते में फिर आएगी मदद की रकम, कल से करें आवेदन, जानें किसे मिलेगा लाभ

पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए योगी सरकार की बड़ी पहल, 25 अगस्त तक पुराने छात्रों और 21 सितंबर तक नए छात्रों को आवेदन का मौका, पात्र विद्यार्थियों के खाते में सीधे पहुंचेगी छात्रवृत्ति

लखनऊ, 10 अगस्त 2026:

यूपी में आर्थिक रूप से कमजोर पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को आर्थिक मजबूती देने के लिए योगी सरकार ने छात्रवृत्ति योजना के नए सत्र की तैयारी पूरी कर ली है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी। पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर छात्रवृत्ति का लाभ ले सकेंगे।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार मौजूदा छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि वर्ष 2026-27 सत्र में प्रवेश लेने वाले नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। सरकार ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।

गत वर्ष 36 लाख से ज्यादा छात्रों को मिला सहारा

छात्रवृत्ति योजना के आंकड़े बताते हैं कि इसका लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है। वर्ष 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के 36 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता दी गई। कक्षा 9 और 10 के 8.88 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में पूर्वदशम छात्रवृत्ति के तहत 219.64 करोड़ रुपये भेजे गए। वहीं इंटरमीडिएट से लेकर उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख विद्यार्थियों को दशमोत्तर छात्रवृत्ति के तहत 2,882.02 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

आय सीमा 2 लाख रुपये, DBT से खाते में पहुंचेगी रकम

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने और उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर देना है। इसके तहत ऐसे विद्यार्थियों को लाभ मिलता है जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम है। छात्रवृत्ति से फीस, पाठ्यक्रम और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्चों में आर्थिक मदद मिलती है। सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सत्यापन और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) पर जोर दिया है। पात्रता और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सहायता राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

आर्थिक परेशानी छात्रों की पढ़ाई में न बने बाधा : निदेशक

पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि 2026-27 की आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू हो रही है। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। विभाग का लक्ष्य है कि पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिले और आर्थिक परेशानी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

उमेश प्रताप सिंह
 उमेश प्रताप सिंह

ये भी पढ़ें  अवैध निर्माण मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर अगली सुनवाई 22 मार्च को

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button