Uttarakhand

Kedarnath Yatra: अधिकारी ग्राउंड पर रहें एक्टिव, मंत्री बोले- समय पर पहुंचे राहत

रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअली आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की, कहा- संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर जरूरी संसाधन किए जाएं तैनात, मौसम विभाग की चेतावनी तत्काल आम लोगों तक पहुंचे

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 11 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में मानसून के बीच रुद्रप्रयाग में आपदा प्रबंधन और केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून से वर्चुअल बैठक के जरिए मानसून के दौरान हुई क्षति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्राउंड पर सक्रिय रहने, क्षति का तत्काल आकलन करने और प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त मकानों, सड़कों, कृषि भूमि, पशुधन और अन्य परिसंपत्तियों का विभागवार आकलन जल्द पूरा किया जाए। जिन परिवारों को खतरा है, उन्हें चिह्नित कर आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर तत्काल विस्थापित किया जाए। बैठक में केदारनाथ धाम यात्रा की भी समीक्षा की गई। गणेश जोशी ने यात्रा के दौरान हुईं दुर्घटनाओं, बीमार यात्रियों, हेलीकॉप्टर रेस्क्यू और अन्य आपात घटनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में केदारनाथ के पैदल ट्रैक रूट और हाईवों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों को पहले से चिह्नित कर वहां मशीनरी, खोज एवं बचाव दल और जरूरी संसाधन तैनात किए जाएं। मार्ग बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी सहित पर्याप्त मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने राहत शिविरों, विद्यालयों, पंचायत घरों, रैन बसेरों और अन्य सुरक्षित भवनों को पहले से चिह्नित रखने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग से मिलने वाली चेतावनियों को तत्काल अधिकारियों और आम लोगों तक पहुंचाया जाए।

बैठक में जलभराव रोकने के लिए नालियों की नियमित सफाई, संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति सुधारने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आपदा प्रबंधन में तैयारी सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए मानसून अवधि में सभी विभाग अपने संसाधनों और मानव शक्ति को पूरी तरह तैयार रखें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड : मसूरी-देहरादून मार्ग से खाई में गिरी बाइक, पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button