
एंटरटेनमेंट डेस्क, 11 अगस्त 2026:
वेब सीरीज से अपनी अलग पहचान बनाने वाली Mirzapur अब बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है। मंगलवार को Mirzapur The Movie का ट्रेलर रिलीज किया गया। ट्रेलर में एक बार फिर सत्ता, बदला, खूनी संघर्ष और दमदार डायलॉग्स की झलक देखने को मिली। फिल्म का स्केल पहले के मुकाबले बड़ा नजर आ रहा है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर फैंस के बीच काफी चर्चा है।
गद्दी पर कब्जे के इर्दगिर्द घूमती है स्टोरी
ट्रेलर में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया
जैसे चर्चित किरदारों की वापसी दिखाई गई है। कहानी एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है। इस बार कुछ नए चेहरे भी पावर गेम में उतरते नजर आते हैं, जिससे मुकाबला पहले से ज्यादा दिलचस्प होने की उम्मीद है। ट्रेलर से यह भी साफ होता है कि कहानी सिर्फ पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दूसरे इलाकों की झलक भी फिल्म में देखने को मिलेगी।
पुराने किरदारों की वापसी देख चहके फैंस
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कई दर्शकों ने पुराने किरदारों की वापसी को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया। एक्शन सीक्वेंस, बैकग्राउंड म्यूजिक और सीरीज की पहचान बन चुके अंदाज ने ट्रेलर को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा और राजेश तैलंग समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
चार सितंबर तक करना होगा इंतजार
Mirzapur The Movie का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जबकि फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।






