
लखनऊ, 15 अगस्त 2026:
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अल्प आय वर्ग के 407 परिवारों को अपने घर का तोहफा दिया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित लॉटरी के जरिए प्रधानमंत्री आवासों का आवंटन किया गया। खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया आवेदकों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई और लकी ड्रा की पर्चियां भी आवेदकों के हाथों से ही निकलवाई गईं। लॉटरी का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि शारदा नगर विस्तार योजना में रिक्त 207 प्रधानमंत्री आवासों के लिए 4,553 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 2,367 पात्र आवेदकों के बीच भवनों का लकी ड्रॉ कराया गया। इसी तरह बसंतकुंज योजना के सेक्टर-एन में रिक्त 200 आवासों के लिए 2,704 लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें 1,514 पात्र आवेदकों को लॉटरी में शामिल किया गया।
आवास आवंटन की प्रक्रिया करीब आठ घंटे चली। इस प्रक्रिया में 407 सफल आवेदकों को उनके आवास आवंटित कर दिए गए। सभागार में मौजूद आवेदकों ने लॉटरी के दौरान अपनाई गई पारदर्शी व्यवस्था की सराहना की।
अपर सचिव ने बताया कि सभी सफल लाभार्थियों को जल्द ही आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे। इसके बाद जो लाभार्थी भवन की कुल कीमत का 25 प्रतिशत भुगतान कर देंगे उन्हें अनुबंध की शर्तों के अनुसार आवास का कब्जा भी प्रदान कर दिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से पहले 407 परिवारों के लिए यह आवंटन उनके अपने घर के सपने को हकीकत में बदलने वाला खास मौका साबित हुआ।






